महाराष्ट्र की लाडकी बहिण योजना को लेकर सियासत तेज हो गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरदचंद्र पवार गुट की महिला प्रदेशाध्यक्ष Rohini Khadse ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।
रोहिणी खडसे ने आरोप लगाया है कि सरकार ने अब तक करीब 1.05 करोड़ महिलाओं को योजना से अपात्र घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले जब यह योजना शुरू की गई थी, तब सरकार ने करीब 2.53 करोड़ महिलाओं को लाभार्थी बताकर योजना का प्रचार किया था और इसके लिए 45 हजार करोड़ रुपये का बजट तय किया गया था।
खडसे ने दावा किया कि जांच के बाद अब संभावित पात्र लाभार्थियों की संख्या घटकर करीब 1 करोड़ 48 लाख 60 हजार रह गई है, जबकि 2026- 27 के बजट में इस योजना के लिए सिर्फ 26 हजार 500 करोड़ रुपये की ही व्यवस्था की गई है।

उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय सभी महिलाओं को योजना का लाभ दिया गया, लेकिन चुनाव जीतने के बाद धीरे-धीरे महिलाओं को अपात्र घोषित किया जा रहा है। खडसे ने इसे सरकार का दोहरे रवैये का उदाहरण बताते हुए कहा कि एक तरफ विधानसभा में महिला सशक्तिकरण पर चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी तरफ लाखों महिलाओं को योजना से बाहर किया जा रहा है।
इस मुद्दे को लेकर राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और आने वाले दिनों में यह विवाद और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।