Home राज्यमहाराष्ट्रमुंबई असुरक्षित बताने की अफवाह फैला रहे हैं संजय राउत, बीजेपी प्रवक्ता नवनाथ बन का हमला

मुंबई असुरक्षित बताने की अफवाह फैला रहे हैं संजय राउत, बीजेपी प्रवक्ता नवनाथ बन का हमला

by Suhani Sharma
0 comments
मुंबई असुरक्षित बताने की अफवाह फैला

मुंबई की सुरक्षा को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत पर तीखा हमला बोला है। बन ने आरोप लगाया है कि मुंबई को असुरक्षित बताने की अफवाहें योजनाबद्ध तरीके से संजय राउत द्वारा फैलाई जा रही हैं।
नवनाथ बन ने कहा कि मुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में मुंबई और पूरा महाराष्ट्र सुरक्षित है, इसलिए राउत को इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानभवन को बम से उड़ाने की धमकी और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।


बीजेपी प्रवक्ता ने यह भी कहा कि जब से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आई है, तब से कोई भी देश या संगठन मुंबई की तरफ टेढ़ी नजर से देखने की हिम्मत नहीं कर पाया है। बन ने महाविकास आघाड़ी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उस समय के गृहमंत्री पर 100 करोड़ रुपये की वसूली के आरोप लगे थे, जिसे संजय राउत को याद रखना चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की “कॉमेडी सर्कस” चल रही है और उस सर्कस में मनोरंजन के लिए संजय राउत को विदूषक की भूमिका दी गई है।


नवनाथ बन ने अंतरराष्ट्रीय हालात पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि ईरान–इजरायल युद्ध जैसे तनावपूर्ण माहौल में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सुरक्षित है और सरकार लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और उनका मंत्रिमंडल लगातार बैठकें कर रहे हैं ताकि युद्ध की स्थिति का भारत पर न्यूनतम असर पड़े।
इसके साथ ही बन ने “जय श्री राम” के नारे को लेकर भी संजय राउत पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस नारे का महत्व समझने की बजाय राउत ने इसे गैस सिलेंडर की आपूर्ति से जोड़कर अपनी वैचारिक और बौद्धिक स्तर को नीचे दिखाया है।
बीजेपी प्रवक्ता ने अंत में कहा कि देश की सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी तरह सक्षम हैं और इस मामले में संजय राउत को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।

You may also like

Leave a Comment