Home दुनियाटिटवाला में अवैध चालों पर चला KDMC का बुलडोजर, अधिकारियों की भूमिका पर उठे सवाल

टिटवाला में अवैध चालों पर चला KDMC का बुलडोजर, अधिकारियों की भूमिका पर उठे सवाल

by Kalpana Pandey
0 comments

कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (KDMC) ने टिटवाला इलाके में अवैध रूप से बनी चालों पर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। बल्याणी और मांडा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बनाए गए अवैध निर्माणों को बुलडोजर से तोड़ा जा रहा है, जिससे सैकड़ों परिवारों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। इस कार्रवाई के बाद प्रभावित नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है और लोग अब उन अधिकारियों पर सवाल उठा रहे हैं, जिनकी कथित मिलीभगत से ये निर्माण खड़े हुए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से टिटवाला क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध चालों का निर्माण हो रहा था। खासकर बल्याणी और मांडा इलाके में चॉल माफियाओं ने सरकारी जमीनों पर कब्जा कर अवैध इमारतें खड़ी कीं और आम लोगों को सस्ते घरों का लालच देकर फ्लैट बेच दिए। कई परिवारों ने अपनी जिंदगी भर की जमा पूंजी लगाकर यहां घर खरीदे, लेकिन अब उन्हीं परिवारों पर बेघर होने की नौबत आ गई है।

KDMC की ओर से जारी तोड़क कार्रवाई में कई अवैध चालों को जमीनदोज किया जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल और मनपा अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई से प्रभावित नागरिकों का कहना है कि यदि ये निर्माण अवैध थे, तो इतने सालों तक प्रशासन ने इन्हें बनने कैसे दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों की मिलीभगत के बिना इतने बड़े स्तर पर अवैध निर्माण संभव नहीं था।

नागरिकों ने मांग की है कि चॉल माफियाओं के साथ-साथ उन अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए जिन्होंने आंखें मूंदकर इन निर्माणों को बढ़ावा दिया। वहीं KDMC प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और सरकारी जमीनों पर कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

You may also like

Leave a Comment