देश के करोड़ों किसानों के लिए आज का दिन बेहद अहम है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) योजना की 22वीं किस्त आज जारी की जा रही है। इस किस्त के तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में 2000 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस बार देशभर के 9 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों को इसका लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम की राजधानी गुवाहाटी से एक कार्यक्रम के दौरान इस किस्त को जारी करेंगे। कार्यक्रम शाम करीब 5 बजे आयोजित होगा, जिसके बाद लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत केंद्र सरकार हर साल किसानों को कुल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता देती है। यह राशि 2000-2000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इस योजना का उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहयोग देना है, ताकि वे खेती से जुड़ी जरूरतों और घरेलू खर्चों को आसानी से पूरा कर सकें।
22वीं किस्त को लेकर किसानों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। कई किसान यह जानना चाहते हैं कि उनके खाते में पैसा आया है या नहीं। किसान पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लाभार्थी सूची में अपना नाम चेक कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल नंबर या आधार नंबर की मदद से भी अपनी किस्त का स्टेटस देखा जा सकता है।
अगर किसी किसान के खाते में पैसा नहीं पहुंचता है, तो वह पीएम किसान पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकता है या नजदीकी कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकता है। सरकार की यह योजना देश के करोड़ों किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है