Home राज्यमहाराष्ट्रसंजय राउत अफवाह फैलाकर अराजकता पैदा कर रहे हैं, उनकी ‘गटरगंगा’ राष्ट्रीय आपदा घोषित होनी चाहिए भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन

संजय राउत अफवाह फैलाकर अराजकता पैदा कर रहे हैं, उनकी ‘गटरगंगा’ राष्ट्रीय आपदा घोषित होनी चाहिए भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन

0 comments

महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाज़ी का दौर तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना नेता संजय राउत पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नवनाथ बन ने आरोप लगाया कि संजय राउत अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से लगातार अफवाहें फैलाकर देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
नवनाथ बन ने कहा कि संजय राउत जैसे ही मुंह खोलते हैं, वे भारत के बारे में कभी सकारात्मक बात नहीं करते। उनके बयान से देश की बदनामी होती है और पाकिस्तान की तारीफ शुरू हो जाती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राउत की ‘गटरगंगा’ को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर देना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता ने रसोई गैस की कमी को लेकर भी संजय राउत पर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शहरों में गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद अधिकतम 25 दिनों के भीतर लोगों के घर तक सिलेंडर पहुंचाया जा रहा है। कुछ जगहों पर थोड़ी कमी जरूर सामने आई है, लेकिन यह कमी कुछ वितरकों द्वारा की गई जमाखोरी की वजह से पैदा हुई है। इस मामले में केंद्र और राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क हैं और आम नागरिकों तक गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


नवनाथ बन ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ भारतीयों की चिंता करने में पूरी तरह सक्षम हैं और उनके नेतृत्व में लगातार बैठकों के जरिए हालात की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि भारत इस समय 40 से अधिक देशों से कच्चा तेल आयात कर रहा है और ईरान से सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास भी जारी हैं। देश में पेट्रोल और डीजल के लिए कहीं भी लंबी कतारें नहीं हैं और गैस की समस्या को भी जल्द नियंत्रित कर लिया जाएगा।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस और विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी, संजय राउत और उद्धव ठाकरे गुट के नेता गैस की कमी को लेकर झूठी जानकारी फैलाकर लोगों में असंतोष पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे व्यवहार के खिलाफ देशभर में आंदोलन कर रही है और जहां भी सिलेंडरों की जमाखोरी की जा रही है, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।


नवनाथ बन ने आगे आरोप लगाया कि संजय राउत बार-बार मिठी नदी के मुद्दे को उठाकर आदित्य ठाकरे को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुंबईकर अच्छी तरह जानते हैं कि मिठी नदी के गाद से किसे फायदा हुआ और इस पूरे मामले में कौन-कौन शामिल था। बन ने दावा किया कि आदित्य ठाकरे को राजनीतिक रूप से खत्म करने और उद्धव ठाकरे गुट पर कब्जा जमाने के मकसद से ही संजय राउत इस मुद्दे को बार-बार उठा रहे हैं।

You may also like

Leave a Comment