नेपाल के गोरखा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु प्रसिद्ध मनकामना मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम 14 मार्च 2026 को भारतीय श्रद्धालुओं से भरी एक माइक्रो बस गोरखा जिले के शहीद लखन ग्रामीण नगरपालिका के कांतार इलाके में अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार सात भारतीय तीर्थयात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में घायल हुए यात्रियों को एम्बुलेंस की मदद से भरतपुर स्थित चितवन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सात भारतीय नागरिकों का इलाज जारी है। वहीं बस का नेपाली ड्राइवर और उसका सहायक भी घायल हुए हैं और उनका भी इलाज चल रहा है।

गोरखा जिले के डीएसपी राज कुमार श्रेष्ठ के अनुसार, बस पहाड़ी ढलान वाली सड़क पर एक मोड़ लेते समय फिसल गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिला प्रशासन के मुताबिक बस में एक दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि शवों का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

नेपाल के पहाड़ी इलाकों में खराब सड़कें और तीखे मोड़ अक्सर दुर्घटनाओं की वजह बनते हैं। इस हादसे ने एक बार फिर वहां की सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।