Home ट्रेंडिंगईरान-अमेरिका जंग का असर: नेपाल में पेट्रोल 31, डीजल 54 और गैस सिलेंडर 296 रुपये महंगा

ईरान-अमेरिका जंग का असर: नेपाल में पेट्रोल 31, डीजल 54 और गैस सिलेंडर 296 रुपये महंगा

0 comments

मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध और वैश्विक ऊर्जा संकट का असर अब पड़ोसी देश नेपाल में भी दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बाद नेपाल में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी कर दी गई है।

नेपाल ऑयल निगम ने रविवार देर रात हुई बैठक के बाद पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कीमतों में इजाफा करने का फैसला लिया। निगम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक पेट्रोल की कीमत में 31 रुपये प्रति लीटर, डीजल में 54 रुपये प्रति लीटर और एलपीजी गैस सिलेंडर में 296 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। नई दरें रात 12 बजे से लागू कर दी गई हैं।

कीमतों में इस बढ़ोतरी के बाद नेपाल में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 188 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 196 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत अब 2,126 रुपये प्रति सिलेंडर पहुंच गई है।

नेपाल ऑयल निगम का कहना है कि मध्य पूर्व और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में तेजी आई है। इसके साथ ही आपूर्ति प्रबंधन में भी चुनौतियां बढ़ी हैं, जिसके चलते कीमतों में यह समायोजन करना पड़ा है।

निगम ने यह भी कहा कि नेपाल खुद पेट्रोलियम उत्पादन नहीं करता, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा असर देश की ईंधन कीमतों पर पड़ता है।

साथ ही नेपाल ऑयल निगम ने भारत की कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का आभार जताया है, जो मौजूदा हालात में भी नेपाल को लगातार पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति कर रही है। निगम का कहना है कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है।

You may also like

Leave a Comment