महाराष्ट्र की राजनीति में छत्रपति शिवाजी महाराज के कथित अपमान को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत पर तीखा हमला बोला है।
नवनाथ बन ने आरोप लगाया कि एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड द्वारा विधानसभा में छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर दिए गए बयान पर संजय राउत पूरी तरह चुप हैं। उन्होंने कहा कि यह चुप्पी सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि “तुष्टिकरण की राजनीति” का हिस्सा है।
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि बार-बार हिंदू अस्मिता को ठेस पहुंचाने वाले बयानों पर उद्धव गुट और कांग्रेस का रवैया सवालों के घेरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष वोट बैंक की राजनीति के लिए इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहा है और शिवाजी महाराज जैसे महान योद्धा का अपमान किया जा रहा है।
नवनाथ बन ने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले भी जितेंद्र आव्हाड ने औरंगजेब और शिवाजी महाराज को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिस पर भी विपक्षी नेताओं ने खुलकर विरोध नहीं किया।

वहीं, बन ने केंद्र सरकार का बचाव करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में देश में एलपीजी गैस की सप्लाई सुचारू रखने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में कई जहाजों के पहुंचने से गैस की स्थिति में सुधार हो रहा है और जल्द ही बुकिंग पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर गैस सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी की जा रही है, जिस पर प्रशासन कार्रवाई कर रहा है।
अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए बन ने कहा कि ईरान और इज़राइल के बीच जारी तनाव का असर पूरी दुनिया पर पड़ा है, लेकिन भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि मजबूत नेतृत्व के चलते देश को वैश्विक संकट का असर कम झेलना पड़ा है।
मराठवाड़ा और विदर्भ के मुद्दे पर भी बीजेपी ने महाविकास आघाड़ी सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में इन क्षेत्रों के साथ अन्याय हुआ।
फिलहाल, शिवाजी महाराज के सम्मान को लेकर शुरू हुआ यह राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है और आने वाले दिनों में इस पर सियासत और तेज होने के आसार हैं।