मुंबई में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) कार्यक्षेत्र के अंतर्गत नगर पथ विक्रेता (फेरीवाला) समिति चुनाव का बहुप्रतीक्षित परिणाम घोषित कर दिया गया है। मुख्य समिति और सात परिमंडलीय समितियों के लिए हुए इस चुनाव में कुल 64 सदस्य पदों पर प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें 54 सदस्य निर्वाचित हुए, जबकि 10 पदों पर उम्मीदवार उपलब्ध नहीं हो सके।

शनिवार, 28 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे से मतगणना प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें 136 मतपेटियों को स्ट्रॉन्ग रूम से बाहर निकालकर सुरक्षा के बीच गणना की गई। इस पूरी प्रक्रिया में बीएमसी के अनुज्ञापन विभाग के करीब 200 से 250 कर्मचारियों की मदद ली गई। मतगणना के दौरान उप आयुक्त (विशेष) विनायक विसपुते और अनुज्ञापन अधीक्षक अनिल काटे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य समिति में कुल 8 सदस्य पदों में से अधिकांश प्रवर्गों से प्रतिनिधित्व तय हुआ, जबकि अनुसूचित जनजाति वर्ग में उम्मीदवार उपलब्ध नहीं हो सका। वहीं सात परिमंडलीय समितियों में भी विभिन्न आरक्षित और सामान्य वर्गों से सदस्य निर्वाचित हुए, हालांकि कई आरक्षित श्रेणियों में भी उम्मीदवारों की कमी देखने को मिली। कुछ सीटों पर निर्विरोध चयन भी हुआ।
इस चुनाव में कुल 32,415 मतदाताओं में से 15,085 मतदाताओं ने मतदान किया, जो लगभग 49.46 प्रतिशत मतदान दर्ज करता है। मतगणना प्रक्रिया में विभिन्न फेरीवाला संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
पूरी चुनाव प्रक्रिया उच्च न्यायालय और सरकारी निर्देशों के तहत संपन्न की गई। बीएमसी ने संकेत दिया है कि चुने गए सदस्यों के साथ-साथ नामित किए जाने वाले शासकीय और अशासकीय सदस्यों की नियुक्ति का प्रस्ताव जल्द ही राज्य सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।