उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर सतहरिया के आगे पुलिया के पास सुबह करीब 6 बजे सवारियों से भरा एक ऑटो रिक्शा तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क किनारे खाई में पलट गया।
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, ऑटो मुंगराबादशाहपुर की ओर सवारियां लेकर जा रहा था। जैसे ही वह सतहरिया पुलिया के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे और चौकी इंचार्ज धनंजय राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ऑटो में फंसे घायलों को किसी तरह बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया भेजा गया।
चिकित्सकों ने छह घायलों में से तीन को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान प्रमोद कुमार मिश्र (53), शिव शंकर शर्मा (53) और बरसाती (42) के रूप में हुई है।
वहीं, राकेश बिंद (32), प्रणव पाण्डेय (19) और अजीत यादव (36) गंभीर रूप से घायल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने प्रणव पाण्डेय और अजीत यादव की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है, जबकि घायलों के परिजन अस्पताल में इलाज के लिए जूझ रहे हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है।