महाराष्ट्र के वाशिम जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां अकोला- वाशिम मार्ग पर मेडशी गांव के पास गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। कार और टाटा मैजिक के बीच हुई जोरदार टक्कर में 15 महिला मजदूर घायल हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, सभी महिला मजदूर मेडशी गांव से रिधोरा की ओर काम पर जा रही थीं, तभी अचानक यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में 10 महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि 5 महिलाएं मामूली रूप से घायल बताई जा रही हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए ग्रामीणों ने अकोला–हैदराबाद हाईवे पर चक्काजाम कर दिया और सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
चक्काजाम के चलते मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।