छत्रपती संभाजीनगर में टीसीएस मामले से जुड़ी बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लंबे समय से फरार चल रही आरोपी निदा खान को नाशिक पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी शहर के नारेगांव इलाके में एक घर में छिपकर रह रही थी।
सूत्रों के मुताबिक, निदा खान ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी, लेकिन नाशिक कोर्ट ने उसकी याचिका खारिज कर दी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
इस ऑपरेशन में स्थानीय पुलिस ने भी नाशिक पुलिस का सहयोग किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जिला अदालत में विशेष उपस्थिति के लिए पेश किया गया, जहां जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद पुलिस टीम उसे नाशिक लेकर रवाना हो गई।
जानकारी के अनुसार, 8 मई को निदा खान को नाशिक कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की पूछताछ और जांच में जुटी हुई है।