
आसाम में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा आज दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। इस खास मौके पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी गुवाहाटी पहुंचे, जहां उन्होंने बीजेपी की ऐतिहासिक जीत और हिमंता बिस्व सरमा के नेतृत्व की जमकर सराहना की।
एकनाथ शिंदे ने कहा कि आसाम की जनता ने विकास और सुशासन पर भरोसा जताते हुए बीजेपी को भारी बहुमत दिया है। उन्होंने हिमंता बिस्व सरमा को डायनामिक और विजनरी नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण की योजनाओं ने बड़ा बदलाव किया है।
शिंदे ने ‘अरुणोदय’ और ‘लाडकी बहिणी’ जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं से आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और यही वजह है कि जनता ने बीजेपी पर दोबारा भरोसा जताया।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ का मंत्र देकर देश को विकास की नई दिशा दी है और भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने का संकल्प लिया है।
इसके साथ ही शिंदे ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति की भी सराहना करते हुए कहा कि उनकी चाणक्य नीति आसाम में पूरी तरह सफल रही, जिसकी बदौलत बीजेपी को ऐतिहासिक जीत मिली।
बीजेपी कार्यकर्ताओं की मेहनत का जिक्र करते हुए शिंदे ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर विकास का संदेश पहुंचाया और जनता का विश्वास जीता। उन्होंने चार साल पुरानी उस राजनीतिक घटना को भी याद किया जब महाराष्ट्र के कई विधायक गुवाहाटी के रेडिसन होटल में ठहरे थे और बाद में महाराष्ट्र में महायुति सरकार बनी थी।
एकनाथ शिंदे ने विश्वास जताया कि डबल इंजन सरकार और मां कामाख्या के आशीर्वाद से आसाम में विकास, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और किसानों के हितों में तेजी से काम होगा।