
फर्रुखाबाद के अमृतपुर क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। राजेपुर थाना क्षेत्र के चाचूपुर जटपुरा गांव में 25 वर्षीय बृजेश राजपूत का शव बीते 9 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों के मुताबिक मृतक बृजेश राजपूत शराब पीने का आदी था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने युवक के शव को शराब के ठेके के सामने रखकर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ठेका बंद कराने की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान मौके पर भारी हंगामा हुआ और हालात तनावपूर्ण बन गए।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी झड़प भी हुई। बताया जा रहा है कि पत्थर, लाठी और डंडे चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।
वहीं आज समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉक्टर नवल किशोर शाक्य, विधानसभा प्रभारी डॉक्टर जितेंद्र सिंह यादव, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत और महासचिव इलियास मंसूरी समेत कई नेता शामिल रहे। नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।