
नवी मुंबई, महाराष्ट्र:
नवी मुंबई के ऐरोली इलाके में एक महिला के साथ चलती स्कूटी से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कृष्णा महेंद्र कनोजिया के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 26 मई की शाम करीब 4:30 बजे ऐरोली सेक्टर-6 में एक महिला अपनी सहेली के घर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी सफेद रंग की स्कूटी से उसका पीछा कर रहा था। आरोप है कि उसने चलती स्कूटी से महिला के पास पहुंचकर अश्लील हरकत की और मौके से फरार हो गया।
घटना से घबराई महिला ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
Rabale Police Station की टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी कृष्णा कनोजिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इस घटना के बाद इलाके में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और महिलाओं की सुरक्षा के लिए गश्त एवं निगरानी बढ़ाई जा रही है।
फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।