Home राज्यमहाराष्ट्रघाटकोपर में ध्रुमिल पटेल को न्याय दिलाने के लिए उमड़ा जनसैलाब, 1000 से ज्यादा लोगों का कैंडल मार्च; नाबालिग आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग

घाटकोपर में ध्रुमिल पटेल को न्याय दिलाने के लिए उमड़ा जनसैलाब, 1000 से ज्यादा लोगों का कैंडल मार्च; नाबालिग आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग

by Suhani Sharma
0 comments

मुंबई के घाटकोपर इलाके में ध्रुमिल पटेल को न्याय दिलाने की मांग को लेकर शनिवार शाम एक विशाल कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। यह मार्च एल्चीवाड़ी से शाम 4 बजे शुरू हुआ, जिसमें शुरुआती तौर पर करीब 200 लोग शामिल हुए। जैसे-जैसे मार्च घाटकोपर वेस्ट से घाटकोपर ईस्ट होते हुए हादसे वाली जगह की ओर बढ़ा, लोगों की संख्या लगातार बढ़ती गई। तिलक नगर के लाल मैदान पहुंचते-पहुंचते यह संख्या 1000 से अधिक हो गई।
मार्च के दौरान “वी वांट जस्टिस”, “ध्रुमिल को न्याय दो”, “हमको न्याय दो”, “मेनल को न्याय दो” और “माइनर को सजा दो” जैसे नारे गूंजते रहे। प्रतिभागियों के हाथों में ध्रुमिल की तस्वीर और “We Want Justice” लिखे बैनर व होर्डिंग्स थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भीड़ शांतिपूर्ण और संयमित रही, लेकिन आरोपी के प्रति गहरा आक्रोश और परिवार के प्रति संवेदना साफ दिखाई दी।


कार्यक्रम में नगरसेवक राखी जाधव और धर्मेश गिरी ने उपस्थिति दर्ज कराई और समर्थन व्यक्त किया। सभा को प्रवीण छेड़ा ने संबोधित किया। ध्रुमिल के पिता निलेश पटेल ने अपने बेटे के स्वभाव, परिवार की पीड़ा और समाज से मिल रहे समर्थन का जिक्र किया। राजुल संजय पाटिल ने भी न्याय की लड़ाई में एकजुटता का संदेश दिया। वहीं एडवोकेट रुबेल ने केस की वर्तमान कानूनी स्थिति, अब तक उठाए गए कदमों और आगे की रणनीति पर प्रकाश डाला।
सभा में दो प्रमुख मांगें जोर-शोर से उठाई गईं पहली, नाबालिग आरोपी का ट्रायल वयस्क के रूप में किया जाए; और दूसरी, मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में पारदर्शी जांच के साथ की जाए। इन मांगों के समर्थन में एक सार्वजनिक याचिका क्यूआर कोड के माध्यम से साझा की गई, जिस पर कार्यक्रम के दौरान ही 3500 से अधिक हस्ताक्षर प्राप्त हुए।


इस दौरान सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और यह मामला ड्रिंक एंड ड्राइव तथा हिट एंड रन है या नहीं इन सवालों को लेकर भी गंभीर चिंताएं जताई गईं।
कार्यक्रम का समापन ध्रुमिल पटेल की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर और राष्ट्रगान के साथ किया गया। अंत में ध्रुमिल की मां ने भावुक होकर उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। नागरिकों ने ध्रुमिल की तस्वीर के सामने मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि दी और न्याय की लड़ाई को अंत तक जारी रखने का संकल्प लिया।

You may also like

Leave a Comment