Home राज्यउत्तर प्रदेशभांजी की शादी में शामिल होने आया युवक पेड़ से लटका मिला, हत्या या आत्महत्या? पुलिस जांच में जुटी

भांजी की शादी में शामिल होने आया युवक पेड़ से लटका मिला, हत्या या आत्महत्या? पुलिस जांच में जुटी

by Kalpana Pandey
0 comments
भांजी की शादी में शामिल होने


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया जब भांजी की शादी में शामिल होने आए 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। बरदह थाना क्षेत्र के महुजा गांव में मंगलवार सुबह करन गौतम का शव शीशम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक करन गौतम जौनपुर जिले के प्रेमराजपुर गांव का निवासी था और अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए परिवार के साथ महुजा गांव आया था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात द्वारपूजा कार्यक्रम के बाद वह अचानक घर से निकल गया था। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव मार्टिनगंज-ठेकमा मार्ग के पास एक पेड़ से लटका देखा और पुलिस को सूचना दी।

घटना की खबर मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक के भाई विक्रम गौतम ने बताया कि पूरा परिवार शादी में शामिल था और किसी को अंदाजा नहीं था कि करन के साथ ऐसा हो जाएगा।

स्थानीय ग्रामीणों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव जमीन के काफी करीब था, जिससे शक पैदा होता है कि युवक की हत्या के बाद शव को पेड़ से लटकाया गया हो।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You may also like

Leave a Comment