
मुंबई:
सीजेपी (CJP) से जुड़े अभिजीत दीपके ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी का ध्यान युवाओं, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों से हटकर केवल सत्ता की राजनीति पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि देश में युवाओं के हितों को प्राथमिकता देने की जरूरत है।
दीपके ने दावा किया कि उन्हें और उनके परिवार पर कई बार भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्ताव ठुकराने के बाद उन्हें धमकियां भी मिलीं। हालांकि, इन आरोपों पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर विपक्ष और समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। दीपके ने कहा कि उनकी पार्टी ऐसे सभी प्रयासों के साथ खड़ी है जो युवाओं के हित में हों।
दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित पैलेट गन के इस्तेमाल के मुद्दे पर राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते हुए दीपके ने गृह मंत्रालय से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी कार्रवाई हुई है तो इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए और इस पूरे मामले पर केंद्र सरकार को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।