
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस सांसद Abhishek Banerjee के दिल्ली से लौटने से पहले कोलकाता एयरपोर्ट पर उस समय हंगामा हो गया, जब एक युवक अंडे और अंडों से भरी ट्रे लेकर एयरपोर्ट के गेट नंबर-3 के सामने पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक बनर्जी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में तृणमूल कांग्रेस समर्थक एयरपोर्ट परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान युवक को अंडों के साथ देखकर कुछ कार्यकर्ताओं ने उसे भाजपा समर्थक बताते हुए घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक के हाथ से अंडे और ट्रे छीन ली गई तथा उसके साथ कथित तौर पर मारपीट भी की गई। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने युवक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक एयरपोर्ट पर किस उद्देश्य से पहुंचा था। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले को लेकर अभी तक किसी पक्ष की ओर से आधिकारिक शिकायत की जानकारी सामने नहीं आई है।