
लखनऊ: उत्तर प्रदेश आउटसोर्स निगम के लोकार्पण के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आउटसोर्स कर्मचारियों को लेकर कई अहम बातें कहीं। सीएम योगी ने कहा कि आउटसोर्सिंग कंपनी कर्मचारियों के वेतन से किसी तरह की कटौती नहीं कर सकती। सरकार की ओर से कंपनी को अलग से सर्विस चार्ज दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों के वेतन से किसी भी तरह की अनधिकृत कटौती नहीं होगी। साथ ही EPF यानी भविष्य निधि की राशि कर्मचारी के नाम पर सुरक्षित रहेगी।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि कोई आउटसोर्सिंग कंपनी कर्मचारी को मनमाने तरीके से नौकरी से नहीं निकाल सकेगी। कर्मचारी को हटाने से पहले सरकार को इसकी जानकारी देनी होगी और मामले की जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पिक एंड चूज की व्यवस्था नहीं चलेगी और आउटसोर्स कंपनियां कर्मचारियों का अनावश्यक उत्पीड़न या शोषण नहीं कर सकेंगी। सरकार का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मचारियों को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध कराना है।