Home राज्यउत्तर प्रदेशआजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, झपटमार गैंग का पर्दाफाश

आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, झपटमार गैंग का पर्दाफाश

by Kalpana Pandey
0 comments
आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, झपटमार गैंग

फायरिंग करने वाला बदमाश गोली लगने के बाद गिरफ्तार, नाबालिग साथी भी पकड़ा गया

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पुलिस ने झपटमारी करने वाले गैंग का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका नाबालिग साथी भी पुलिस की गिरफ्त में आ गया।

पुलिस के मुताबिक 23 मई को बिलरियागंज बाजार से घर लौट रही एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने पर्स छीन लिया था। पर्स में नकदी और मोबाइल फोन मौजूद था। घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि झपटमारी में शामिल आरोपी काले रंग की पल्सर बाइक से इलाके से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दी।

खुद को घिरता देख बदमाश भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में 20 वर्षीय फुजैल अहमद के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके साथ मौजूद एक नाबालिग साथी को भी हिरासत में लिया गया है।

मौके से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, 9800 रुपये नकद, मोबाइल फोन, लेडीज बैग और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घायल बदमाश पर चोरी, झपटमारी और अन्य कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

You may also like

Leave a Comment