
उल्हासनगर, महाराष्ट्र:
उल्हासनगर के कैंप नंबर-3 स्थित पंचमुखी इलाके में एक खतरनाक घोषित चार मंजिला इमारत के ध्वस्तीकरण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पाडकाम (तोड़फोड़) का काम चल रहा था, तभी इमारत के बचे हुए दो मंजिल अचानक भरभराकर गिर पड़े और पास के मकानों पर जा गिरे।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे के नीचे दो लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अग्निशमन दल की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक महानगरपालिका द्वारा खतरनाक घोषित इस इमारत को मशीनों की मदद से गिराया जा रहा था। दो मंजिल हटाए जाने के बाद बचा हुआ हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा काफी भयावह था और इमारत गिरने की तेज आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा का भी आकलन किया जा रहा है।