मुंबई से सटे मुंब्रा इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाले एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा हुआ है। यहां एक महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की हत्या कर दी और शव को ड्रम में भरकर सुनसान नाले में फेंक दिया। मुंब्रा पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर इस पूरे मामले का पर्दाफाश किया है।
जानकारी के मुताबिक 3 अगस्त 2026 को मुंब्रा निवासी अरबाज मकसूद अली खान घर से दादर काम पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर उसके पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अरबाज के मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन खंगालनी शुरू की। जांच में उसकी आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में मिली। इसी दौरान पुलिस को अरबाज की प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी उसी इलाके में मिली, जिसके बाद पुलिस का शक गहराया।
संदेह के आधार पर पुलिस ने मेहजबीन शेख को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में महिला लगातार पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
पुलिस के मुताबिक मेहजबीन ने अपने पति हसन, भाई तारिक शेख और साथी मुजम्मल पठान के साथ मिलकर अरबाज को पैसों के बहाने वर्सोवा बुलाया था। वहां फिरौती और पैसों को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने अरबाज के हाथ बांधकर प्लास्टिक पाइप से उसकी बेरहमी से पिटाई की और हत्या कर दी।
हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने शव को हरे रंग के ड्रम में भरकर मुंब्रा इलाके के एक सुनसान नाले में फेंक दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला का पति हसन और उसका साथी मुजम्मल पठान अभी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, साजिश और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मुंब्रा पुलिस की तेज तकनीकी जांच और सतर्कता के चलते इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा संभव हो पाया।