
परभणी। महाराष्ट्र के परभणी जिले के जिंतूर तालुका स्थित कौसडी गांव में खेत में खेल रहा तीन साल का बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। बच्चे की पहचान अदनान शेख नदीम शेख के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, बच्चा खेत में खेल रहा था। इसी दौरान वह खुले पड़े बोरवेल में जा गिरा। बताया जा रहा है कि बच्चा करीब 10 फीट की गहराई पर फंस गया था। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए दो JCB मशीनों की मदद से युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, स्थानीय आपदा प्रबंधन दल और इमरजेंसी टीमें भी मौके पर पहुंचीं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद परभणी की पालकमंत्री मेघना बोर्डीकर ने भी स्थिति का जायजा लिया और बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद नांदेड से विशेष रेस्क्यू टीम को भी मौके पर भेजा गया।
कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने बच्चे को बोरवेल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाहर निकालने के तुरंत बाद बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मेडिकल जांच और इलाज किया जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर खुले और असुरक्षित बोरवेल से बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेतों और ग्रामीण इलाकों में खुले बोरवेल को सुरक्षित तरीके से बंद करने और उनकी निगरानी की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।