Home ट्रेंडिंगखंडवा में तेज आंधी-तूफान का कहर, पुराने पेड़ गिरे, बिजली के तार टूटने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित

खंडवा में तेज आंधी-तूफान का कहर, पुराने पेड़ गिरे, बिजली के तार टूटने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित

by Kalpana Pandey
0 comments

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा शहर में शुक्रवार को आई तेज आंधी, तूफान और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण शहर के कई स्थानों पर वर्षों पुराने पेड़ धराशायी हो गए, जबकि कई मोहल्लों और कॉलोनियों में बिजली के खंभे एवं तार टूट जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।

आंधी-तूफान के चलते कई प्रमुख मार्गों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और जनप्रतिनिधि सक्रिय हो गए।

खंडवा विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मुख्य मार्गों पर आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए गिरे हुए पेड़ों को हटाने का कार्य तत्काल शुरू कराया गया।

विधायक प्रतिनिधि ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत आपूर्ति बहाल करने से पहले प्रत्येक क्षेत्र का निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि टूटे या गिरे हुए तारों से किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग समन्वय के साथ राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।

बिजली विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत कार्य कर रही हैं और जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि टूटे हुए बिजली तारों और क्षतिग्रस्त खंभों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।

You may also like

Leave a Comment