[gtranslate]
Home ट्रेंडिंगगणेशोत्सव से पहले महाराष्ट्र में गड्ढामुक्त सड़कों पर जोर, एकनाथ शिंदे ने दिए महानगरपालिकाओं को निर्देश

गणेशोत्सव से पहले महाराष्ट्र में गड्ढामुक्त सड़कों पर जोर, एकनाथ शिंदे ने दिए महानगरपालिकाओं को निर्देश

by Kalpana Pandey
0 comments

गणेशोत्सव को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने सड़कों के गड्ढों की समस्या को प्राथमिकता देते हुए सभी महानगरपालिकाओं को सड़कों की मरम्मत तेज करने के निर्देश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महानगरपालिका आयुक्तों के साथ बैठक कर गणेश विसर्जन और शोभायात्राओं के प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया।

उपमुख्यमंत्री ने बारिश के दौरान सड़क के गड्ढे भरने के लिए प्री-कास्ट और जियो-पॉलिमर टेक्नो पैच जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। साथ ही 24 घंटे सड़क मरम्मत व्यवस्था तैयार रखने, अधिकारियों की टीम बनाकर नियमित निरीक्षण करने और नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों का तत्काल निवारण करने को कहा गया है।

अन्य विभागों के अधीन आने वाली सड़कों के गड्ढों को भी संबंधित एजेंसियों से तुरंत भरवाने के निर्देश दिए गए हैं। गणेशोत्सव के दौरान नए सड़क खुदाई कार्यों की अनुमति नहीं देने को भी कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं और गणेश मंडलों को आवागमन में परेशानी न हो।

सरकार ने गड्ढामुक्त, सुरक्षित और सुविधाओं से युक्त गणेशोत्सव आयोजित करने वाली महानगरपालिकाओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देने का निर्णय लिया है। वहीं खराब काम करने वाली महानगरपालिकाओं और संबंधित अधिकारियों की शासन स्तर पर निगरानी की जाएगी।

You may also like