मुंबई महानगरपालिका की ओर से मानसून पूर्व नालेसफाई के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन घाटकोपर पूर्व के लक्ष्मीनगर इलाके में हालात इन दावों से बिल्कुल अलग नजर आए। नाले की खराब स्थिति और जमा गंदगी को लेकर शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे पक्ष के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ धरना आंदोलन किया।
शिवसैनिकों का आरोप है कि प्रशासन और संबंधित विभाग 80 प्रतिशत नालेसफाई पूरी होने का दावा कर रहे हैं, जबकि लक्ष्मीनगर नाले में अब भी भारी मात्रा में गाद और कचरा जमा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर समय रहते सफाई नहीं हुई तो बारिश के दौरान इलाके में जलभराव की गंभीर समस्या खड़ी हो सकती है।
शिवसेना UBT के विभाग प्रमुख सुरेश पाटील के निर्देश पर आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
धरने में उपविभाग प्रमुख अजित गुजर, विधानसभा कार्यालय प्रमुख प्रकाश वाणी, प्रसाद कामतेकर, विजय चपटे, विशाल चावक, महेश जंगम, सचिन भांगे, नीलम कदम, पूनम परब, रचना सावंत, वृषाली चावक सहित महिला आघाड़ी, युवासेना और शिवसेना के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नालेसफाई का काम शुरू नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।