
गाजीपुर, उत्तर प्रदेश:
गाजीपुर कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जमीन विवाद से नाराज एक युवक एनआईसी के करीब 70 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के मुगलानी चक निवासी संजीत चौहान के रूप में हुई है। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार संजीत चौहान का जमीन संबंधी मामला डीएम कोर्ट में लंबित था, जिसका फैसला वर्ष 2025 में उसके खिलाफ आया था। युवक का आरोप है कि उसे न्याय नहीं मिल रहा और प्रशासन उसकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसी नाराजगी के चलते वह कलेक्ट्रेट परिसर स्थित टावर पर चढ़ गया और अपनी मांगों को लेकर अड़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और युवक के परिजन मौके पर पहुंचे। कई घंटों तक अधिकारी युवक को समझाने-बुझाने में जुटे रहे। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
प्रशासन ने युवक की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए और उसकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। लंबे समय तक चली बातचीत और मान-मनौव्वल के बाद युवक आखिरकार टावर से नीचे उतर आया, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।