
नवी मुंबई: नवी मुंबई में खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट बदलकर उन्हें दोबारा बाजार में बेचने वाले एक कथित रैकेट का FDA यानी खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 76 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।
बताया जा रहा है कि इस रैकेट में खाद्य पदार्थों की पुरानी एक्सपायरी डेट को बदलकर नई तारीख लगाने का खेल किया जा रहा था। इसके बाद इन उत्पादों को दोबारा बिक्री के लिए बाजार में भेजे जाने की आशंका है। इस तरह की हेराफेरी से उपभोक्ताओं की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ हो सकता है।
FDA की टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री और उससे जुड़े सामान को जब्त किया है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और बदली हुई एक्सपायरी डेट वाले उत्पाद कहां-कहां सप्लाई किए जा रहे थे।
इस कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप मच गया है। FDA की जांच में रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और ठिकानों के बारे में जानकारी सामने आने की उम्मीद है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।