Home ट्रेंडिंगनासिक से दिल्ली रवाना होगा 840 टन प्याज, किसानों में नाराजगी

नासिक से दिल्ली रवाना होगा 840 टन प्याज, किसानों में नाराजगी

by Kalpana Pandey
0 comments

नासिक: केंद्र सरकार की मूल्य स्थिरीकरण योजना के तहत नाफेड और एनसीसीएफ द्वारा खरीदा गया बफर स्टॉक का 840 टन प्याज आज लासलगांव से दिल्ली भेजा जा रहा है। इसके लिए लासलगांव रेलवे स्टेशन पर 21 बोगियों का रैक पहुंच चुका है। जल्द ही ट्रकों के जरिए प्याज की बोगियों में लोडिंग शुरू की जाएगी।

दिल्ली पहुंचने के बाद इस प्याज को देश की अलग-अलग जगहों पर आपूर्ति किए जाने की संभावना है। किसानों को आशंका है कि बफर स्टॉक का प्याज बाजार में आने से नासिक जिले की कृषि उपज मंडी समितियों में प्याज के भाव पर दबाव पड़ सकता है।

किसानों का कहना है कि करीब दो साल बाद प्याज के दाम में सुधार हुआ है। ऐसे में बफर स्टॉक का प्याज देश के दूसरे हिस्सों में भेजने के बजाय विदेशों में निर्यात किया जाना चाहिए, ताकि घरेलू बाजार में किसानों को बेहतर भाव मिल सके।

किसानों और व्यापारियों का कहना है कि अगर प्याज के दाम फिर गिरते हैं तो दोनों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। केंद्र सरकार की प्याज की कीमतों को नियंत्रित करने की नीति को लेकर किसानों में नाराजगी देखी जा रही है।

You may also like