आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफाइनल की तस्वीर अब बेहद दिलचस्प हो गई है। इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड की हार ने ग्रुप का पूरा समीकरण बदल दिया है और पाकिस्तान की उम्मीदों को नई सांस मिल गई है। हालांकि यह राह बिल्कुल भी आसान नहीं है।
न्यूजीलैंड और पाकिस्तान का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था, जिसके चलते दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। इसके बाद न्यूजीलैंड ने श्रीलंका पर 61 रन की बड़ी जीत दर्ज कर अपना नेट रन रेट मजबूत कर लिया। लेकिन इंग्लैंड से मिली हार के बाद अब समीकरण बदल गए हैं।

पाकिस्तान के सामने अब स्पष्ट चुनौती है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करता है तो कम से कम 65 रन से मुकाबला जीतना जरूरी है। वहीं, यदि वह लक्ष्य का पीछा करता है तो 13 ओवर के भीतर टारगेट हासिल करना होगा। तभी पाकिस्तान का नेट रन रेट न्यूजीलैंड के मौजूदा नेट रन रेट से बेहतर हो सकेगा।

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड अभी भी रेस से बाहर नहीं हुआ है। अगर पाकिस्तान श्रीलंका से हार जाता है, तो कीवी टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। यहां तक कि अगर पाकिस्तान जीत भी जाता है लेकिन जरूरी अंतर हासिल नहीं कर पाता, तो भी न्यूजीलैंड को फायदा मिल सकता है।
ऐसे में अब पूरा दारोमदार पाकिस्तान बनाम श्रीलंका मुकाबले पर टिका है। यह मैच तय करेगा कि सेमीफाइनल का टिकट किसे मिलता है और किसका वर्ल्ड कप का सपना अधूरा रह जाता है।