बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को शिक्षक भर्ती TRE-4 को लेकर बड़ा हंगामा देखने को मिला। विज्ञापन जारी करने में देरी से नाराज सैकड़ों शिक्षक अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आए और सरकार तथा बीपीएससी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से विरोध मार्च निकाला और मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की। प्रदर्शनकारी “TRE-4 विज्ञापन जारी करो” और “नई नियमावली वापस लो” जैसे नारे लगा रहे थे। जैसे ही मार्च बाकरगंज इलाके में पहुंचा, पुलिस ने छात्रों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारी और पुलिस आमने-सामने आ गए, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज के दौरान कई छात्रों के घायल होने की खबर सामने आई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि सरकार लगातार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में देरी कर रही है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्र बीपीएससी की नई नियमावली का भी विरोध कर रहे हैं और इसे तुरंत वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
वहीं, प्रदर्शन के कारण पटना शहर के कई इलाकों में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जेपी गोलंबर समेत कई संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
गौरतलब है कि बिहार में हाल ही में कैबिनेट विस्तार के बाद मिथिलेश तिवारी को नया शिक्षा मंत्री बनाया गया है। ऐसे में TRE-4 भर्ती को लेकर बढ़ता विरोध उनके लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द विज्ञापन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।