Home दुनियापुणे के अस्पताल में मिला जिंदा IED, CCTV में संदिग्ध कैद; ATS समेत कई एजेंसियां जांच में जुटीं

पुणे के अस्पताल में मिला जिंदा IED, CCTV में संदिग्ध कैद; ATS समेत कई एजेंसियां जांच में जुटीं

by Kalpana Pandey
0 comments

पुणे के हडपसर इलाके में स्थित उषाकिरण अस्पताल में जिंदा IED मिलने से बुधवार रात हड़कंप मच गया। कामधेनु एस्टेट परिसर में मिले इस लो-इंटेंसिटी विस्फोटक उपकरण में 7 घंटे का टाइमर लगा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, क्राइम ब्रांच और महाराष्ट्र ATS की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।


बम निरोधक दस्ते ने बेहद सतर्कता के साथ विस्फोटक को अस्पताल परिसर से बाहर खुले मैदान में ले जाकर सफलतापूर्वक डिफ्यूज कर दिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है।


जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक अहम सुराग भी लगा है। CCTV फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति किराये की कार से अस्पताल परिसर में आता दिखाई दिया है। फुटेज के मुताबिक संदिग्ध कार से उतरा, कुछ देर अस्पताल परिसर में रुका और फिर वापस कार में बैठकर वहां से निकल गया। जांच एजेंसियों को शक है कि उसी ने अस्पताल में IED रखा था।


पुणे पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। पुलिस, क्राइम ब्रांच और ATS मिलकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और क्या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था।


वहीं NCP विधायक चेतन तुपे ने कहा कि अगर समय रहते बम नहीं पकड़ा जाता, तो अस्पताल में मौजूद बड़ी संख्या में लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। फिलहाल पूरे अस्पताल और आसपास के इलाके की तलाशी ली जा चुकी है और स्थिति नियंत्रण में है।


अब जांच एजेंसियां CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और संदिग्ध वाहन के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।

You may also like

Leave a Comment