
मुंबई में कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल और सरकारी खर्च को लेकर केंद्र और महाराष्ट्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को निशाने पर लेते हुए कहा कि जनता को पेट्रोल बचाने और सार्वजनिक परिवहन इस्तेमाल करने की सलाह देने से पहले मंत्रियों को खुद अपने गाड़ियों के लंबे काफिले कम करने चाहिए।
वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि मुंबई जैसे शहर में मेट्रो, बेस्ट और लोकल ट्रेन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, फिर भी मंत्री बड़े-बड़े काफिलों के साथ चलते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर “राष्ट्र प्रथम” की बात की जा रही है, तो नेताओं को एसटी बसों और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल कर देशभक्ति दिखानी चाहिए।
कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि त्याग केवल आम जनता से करवाया जा रहा है, जबकि सत्ता में बैठे लोग सरकारी पैसों पर सुविधाओं का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पेट्रोल रोज़गार और ज़रूरत के लिए इस्तेमाल करता है, मौज-मस्ती के लिए नहीं।
वर्षा गायकवाड़ ने यह भी कहा कि मंत्री चाहें तो एक ही गाड़ी में काम चला सकते हैं, लेकिन भाजपा नेताओं को सत्ता का अहंकार है। उन्होंने नेताओं के “मेट्रो इवेंट” पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सप्ताह में एक बार कैमरे के सामने मेट्रो में सफर करने से सादगी साबित नहीं होती।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरों पर भी सवाल उठाए और कहा कि जो नेता जनता को विदेश यात्राएं टालने की सलाह देते हैं, वही खुद विदेशी दौरों पर निकल जाते हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि देश संभावित ईंधन संकट की तरफ बढ़ रहा था, लेकिन सरकार चुनावी राजनीति में व्यस्त रही।
अपने बयान में वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि जनता को उपदेश देने से पहले प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को खुद से कटौती और सादगी की शुरुआत करनी चाहिए।