मुंबई: बृहन्मुंबई महानगरपालिका के शिक्षा विभाग द्वारा संचालित सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध 11 स्कूलों के विद्यार्थियों ने कक्षा 10वीं की परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस वर्ष बीएमसी स्कूलों का कुल परिणाम 92.89 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जो पिछले वर्षों की तुलना में एक मजबूत शैक्षणिक प्रगति को दर्शाता है।
इन 11 स्कूलों से कुल 339 विद्यार्थियों ने कक्षा 10वीं की परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें से अधिकांश ने सफलता प्राप्त की है। परिणामों में छात्रों ने न केवल उत्तीर्ण होने का रिकॉर्ड बनाया है, बल्कि उच्च अंक प्राप्त कर बीएमसी स्कूलों की गुणवत्ता को भी साबित किया है।
टॉप परफॉर्मर्स की बात करें तो मिठागर सीबीएसई स्कूल की कुमारी आर्या लामने ने 97.8 प्रतिशत अंक हासिल कर सभी बीएमसी स्कूलों में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं पुनम नगर स्कूल के सौरभ यादव ने 97.2 प्रतिशत अंक, राजावाड़ी स्कूल के कौस्तुभ त्रिपाठी ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।

इसके अलावा पुनम नगर स्कूल के ही आर्यन मयेकर ने 96.6 प्रतिशत और श्रेया सिंह ने 96.4 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। मिठा नगर स्कूल की माही सोलंकी ने भी 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
इस वर्ष बीएमसी की चार स्कूलों ने 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया है, जिनमें भवानी शंकर रोड दादर, राजावाड़ी घाटकोपर, मिठा नगर मुलुंड और पुनम नगर अंधेरी स्थित स्कूल शामिल हैं। इन स्कूलों के सभी विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है।
विषयवार प्रदर्शन की बात करें तो विद्यार्थियों ने गणित, विज्ञान और अंग्रेजी जैसे प्रमुख विषयों में उल्लेखनीय सुधार दिखाया है। कई छात्रों ने मराठी विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि भी दर्ज की है।
शिक्षा विभाग ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन, अभिभावकों के सहयोग और विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं को दिया है।
इस अवसर पर मुंबई की महापौर रितु तावडे, उपमहापौर संजय घाडी, शिक्षा समिति अध्यक्ष राजेश्री शिरवडकर, महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े, अतिरिक्त आयुक्त डॉ. अविनाश ढाकणे और शिक्षा अधिकारी ने सभी सफल विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।