टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। 165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में 8 विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के हीरो रहे कप्तान Harry Brook, जिन्होंने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए पाकिस्तान के हाथ से मैच छीन लिया।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 164 रन ही बना सकी। टीम की ओर से साहिबजादा फरहान ने 45 गेंदों में 63 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि फखर जमान ने 25 और बाबर आजम ने 25 रन बनाए। अंतिम ओवरों में शादाब खान ने 11 गेंदों में 23 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
गेंदबाजी में इंग्लैंड के लिए लियाम डॉसन ने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवरटन ने 2-2 विकेट चटकाए और पाकिस्तान की पारी को बड़े स्कोर तक जाने से रोक दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत डगमगाई, लेकिन इसके बाद हैरी ब्रूक ने मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए और दबाव में भी रन गति बनाए रखी। पाकिस्तान के गेंदबाजों ने शुरुआती झटके जरूर दिए, खासकर शाहीन अफरीदी ने अपनी रफ्तार और स्विंग से असर छोड़ा, लेकिन ब्रूक के सामने सारी रणनीति फीकी पड़ गई।

हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान Salman Ali Agha ने कहा कि टीम ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन वैसी फिनिशिंग नहीं कर पाई जैसी जरूरत थी। उन्होंने ब्रूक की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अकेले दम पर मैच का रुख बदल दिया।
सलमान आगा ने यह भी स्वीकार किया कि अब पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अन्य मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। श्रीलंका के खिलाफ अगला मुकाबला टीम के लिए ‘करो या मरो’ जैसा होगा।
इस हार के साथ पाकिस्तान की राह मुश्किल हो गई है, जबकि इंग्लैंड ने सुपर-8 में लगातार दूसरी जीत दर्ज कर खिताब की दावेदारी और मजबूत कर दी है।