जालना : मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटील ने 30 मई से एक बार फिर आमरण अनशन शुरू करने की घोषणा की है। जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में आयोजित पत्रकार परिषद में उन्होंने यह बड़ा ऐलान किया।
मराठा समाज की लंबित मांगों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए मनोज जरांगे पाटील ने कहा कि कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक सभी मांगें पूरी नहीं हुई हैं, इसलिए उन्हें फिर से आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार को 30 मई तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि मराठा समाज से जुड़े आरक्षण, कुनबी प्रमाणपत्र और अन्य लंबित मुद्दों का जल्द समाधान किया जाए। जरांगे ने चेतावनी दी कि यदि तय समय तक सरकार ने ठोस निर्णय नहीं लिया, तो वे अंतरवाली सराटी में आमरण अनशन शुरू करेंगे।
यह मनोज जरांगे पाटील का नौवां आमरण अनशन होगा। इससे पहले वे आठ बार आंदोलन और उपोषण कर चुके हैं। इनमें से दो बार उन्होंने अंतरवाली सराटी से मुंबई तक मोर्चा निकालते हुए मुंबई में भी उपोषण किया था। उनके आंदोलनों को राज्यभर के मराठा समाज का व्यापक समर्थन मिलता रहा है।
पत्रकार परिषद में उन्होंने कहा कि मराठा समाज अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होगा और सरकार को जल्द निर्णय लेना ही होगा। साथ ही उन्होंने समाज के लोगों से आगामी आंदोलन के लिए तैयार रहने की अपील भी की।