मुंबई के कांदिवली (पश्चिम) इलाके में अवैध निर्माण और अनधिकृत फेरीवालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। बीएमसी ‘आर दक्षिण’ विभाग ने महावीर नगर परिसर में करीब 65 अवैध निर्माणों और फेरीवालों को हटाने की कार्रवाई की।
महानगरपालिका प्रशासन की ओर से बताया गया कि महावीर नगर क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत फेरीवालों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन अवैध गतिविधियों की वजह से इलाके में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और पैदल यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या को देखते हुए यह संयुक्त अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान भारी मशीनरी का इस्तेमाल किया गया। लगभग 3 जेसीबी और 7 डम्पर सहित अन्य उपकरणों की मदद से निष्कासन अभियान को अंजाम दिया गया। इस दौरान 47 से अधिक महानगरपालिका अधिकारी और कर्मचारियों की टीम मौके पर मौजूद रही। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
महानगरपालिका प्रशासन का कहना है कि शहर में नागरिकों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और बाधारहित सार्वजनिक स्थान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के तहत आगे भी अवैध निर्माण और अनधिकृत अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या अनधिकृत गतिविधियों को बढ़ावा न दें और नियमों का पालन करें।