Home ट्रेंडिंगमुंबई BEST कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल शुरू, बस और बिजली सेवाओं पर असर की आशंका

मुंबई BEST कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल शुरू, बस और बिजली सेवाओं पर असर की आशंका

by Kalpana Pandey
0 comments

मुंबई। मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार से बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी है। 12 कर्मचारी संगठनों के संयुक्त मोर्चे ने आधी रात से आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया था, जिसके बाद शहर की बस सेवाओं और दक्षिण मुंबई की बिजली आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

हड़ताल का आह्वान BEST संयुक्त कामगार कृती समिति ने किया है। यूनियनों का आरोप है कि वेतन समझौते, पेंशन और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान, रिक्त पदों पर भर्ती तथा ठेका प्रणाली जैसे मुद्दों पर लंबे समय से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

यूनियनों की प्रमुख मांगों में BEST के बजट को बीएमसी के बजट में शामिल करना, 5,000 BEST स्वामित्व वाली बसों की व्यवस्था करना, 10,000 रिक्त पदों पर भर्ती, ठेका कर्मचारियों का नियमितीकरण और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान का निपटारा शामिल है।

हड़ताल के कारण प्रतिदिन BEST बसों से सफर करने वाले लगभग 23 लाख यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के प्रयास शुरू किए हैं, हालांकि कर्मचारी संगठनों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।

You may also like

Leave a Comment