ईरान में जारी युद्ध और यूक्रेन संकट के बीच अमेरिका और रूस के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत की। रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई, जिसमें वैश्विक हालात, खास तौर पर ईरान और यूक्रेन में चल रहे संघर्ष को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने जानकारी देते हुए बताया कि बातचीत व्यावहारिक, खुली और रचनात्मक रही। इस दौरान दोनों नेताओं ने यूक्रेन संघर्ष के दीर्घकालिक समाधान को लेकर अमेरिका, रूस और यूक्रेन के बीच संभावित त्रिपक्षीय वार्ता पर भी विचार किया। ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने और स्थायी समाधान निकालने के लिए अमेरिका की प्रतिबद्धता दोहराई।

वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान में जारी तनाव को लेकर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने ट्रंप को बताया कि हाल ही में उनकी ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन और खाड़ी देशों के नेताओं के साथ बातचीत हुई थी। दोनों नेताओं ने ईरान की स्थिति पर भी गंभीर और सारगर्भित चर्चा की।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप और पुतिन के बीच इससे पहले दिसंबर में फोन पर बातचीत हुई थी, जिसे व्हाइट हाउस ने सकारात्मक बताया था। माना जा रहा है कि मौजूदा वैश्विक तनाव के बीच दोनों देशों के नेताओं के बीच हुई यह बातचीत कूटनीतिक स्तर पर काफी अहम मानी जा रही है।