
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने 3 सितंबर को बांदा, चित्रकूट, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इन जिलों में 3 सितंबर सुबह से 4 सितंबर सुबह तक भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली का खतरा भी बना रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। ऐसे में लोगों को जलभराव वाले इलाकों से सावधान रहने और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।