लातूर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर महाराष्ट्र के लातूर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) कार्यकर्ताओं ने प्रोफेसर शिवराज मोटेगांवकर के RCC कोचिंग क्लासेस के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और क्लास पर अंडे फेंककर अपना विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान मनसे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।