टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन की हर तरफ जमकर तारीफ हो रही है। इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड दिया गया। उनकी इस उपलब्धि पर टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने भी खास अंदाज में उन्हें बधाई दी है।
विराट कोहली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर संजू सैमसन की तारीफ करते हुए लिखा कि इस टी20 वर्ल्ड कप के सबसे हकदार मैन ऑफ द टूर्नामेंट संजू सैमसन थे। कोहली ने कहा कि सैमसन ने उस समय शानदार प्रदर्शन किया जब टीम को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी और वह उनके लिए बेहद खुश हैं। कोहली का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस भी सैमसन की जमकर सराहना कर रहे हैं।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने कुल 9 मुकाबले खेले, लेकिन संजू सैमसन को सिर्फ 5 मैचों में ही खेलने का मौका मिला। इसके बावजूद उन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित कर दिया। सैमसन ने इन पांच मैचों में 80.25 के शानदार औसत और लगभग 200 की स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए और टीम इंडिया के लिए टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने।
खास बात यह भी है कि संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह यह अवॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।

दरअसल, टूर्नामेंट की शुरुआत में संजू सैमसन टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। लेकिन बाद में जब उन्हें मौका मिला तो उन्होंने लगातार शानदार पारियां खेलकर खुद को साबित किया। खासतौर पर आखिरी तीन मुकाबलों में सैमसन ने लगातार तीन अर्धशतक जड़कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत और संजू सैमसन के दमदार प्रदर्शन ने फैंस को जश्न मनाने का एक और बड़ा मौका दे दिया है।