लखनऊ:उत्तर प्रदेश में कौशल विकास के साथ खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) की पहली राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन राजधानी लखनऊ स्थित ऐतिहासिक के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित किया गया।
समापन समारोह में विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम और निदेशक प्रशिक्षण अभिषेक सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और मंत्री कपिल देव अग्रवाल के नेतृत्व में पहली बार आईटीआई प्रशिक्षार्थियों के लिए राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के साथ शारीरिक फिटनेस भी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ और ऊर्जावान प्रशिक्षार्थी ही उद्योगों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि बीते चार महीनों में जनपद और मंडल स्तर पर चयन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसके बाद लगभग 4000 प्रशिक्षार्थियों ने 12 विभिन्न खेलों में भाग लिया। इनमें से करीब 600 खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तक पहुंचे। तीन दिवसीय आयोजन में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रशिक्षार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देंगे तथा छात्राओं के लिए यह आत्मविश्वास सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ है।
निदेशक प्रशिक्षण अभिषेक सिंह ने कहा कि मंत्री कपिल देव अग्रवाल और प्रमुख सचिव के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रतियोगिता भविष्य में प्रत्येक वर्ष और अधिक व्यापक स्वरूप में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में विभागीय अधिकारियों, तकनीकी निदेशालय और राजकीय आईटीआई अलीगंज के नोडल अधिकारियों के योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में निदेशक (प्राविधिक) डी. के. सिंह, संयुक्त निदेशक एससीवीटी मयंक गंगवार, नोडल प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई अलीगंज राज कुमार यादव सहित अन्य अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन समारोह में अतिरिक्त निदेशक मानपाल सिंह, राजेन्द्र प्रसाद, योगेन्द्र सिंह, अनिल वर्मा, ए.के. राणा, बी.वी. सिंह और अरविन्द कुमार सहित विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस आयोजन के साथ ही प्रदेश में आईटीआई संस्थानों में खेल और फिटनेस को नई पहचान मिली है, जो आने वाले समय में कौशल विकास के साथ संतुलित व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।