
मुंबई। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुंबई महानगरपालिका की स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरीश भांडिर्गे ने चेंबूर स्थित मातोश्री रमाबाई प्रसूति गृह और एम.ए. अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। दोनों अस्पताल प्रभाग समिति अध्यक्ष आशा मराठे के वार्ड क्षेत्र में आते हैं, जहां स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए हरीश भांडिर्गे ने अस्पतालों का दौरा कर चिकित्सा सेवाओं, दवा उपलब्धता, मरीजों की सुविधाओं और अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और अस्पताल प्रशासन से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी भी ली।
स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल में स्वच्छता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
भांडिर्गे ने कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना महानगरपालिका की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं में सुधार और सेवा गुणवत्ता बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।