
उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav और केंद्रीय ऊर्जा एवं आवास-शहरी विकास मंत्री Manohar Lal Khattar ने शुक्रवार को श्री महाकाल महालोक का दौरा किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने रुद्र सागर में आयोजित भव्य लाइट एंड साउंड शो का अवलोकन किया और इसकी सराहना की।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के बैंड द्वारा प्रस्तुत संगीतमय कार्यक्रम “महाकाल सरकार मेरे महाकाल सरकार” से हुई। इसके बाद अत्याधुनिक लेजर लाइट, वाटर स्क्रीन और साउंड इफेक्ट्स के माध्यम से भगवान शिव, मां शिप्रा और प्राचीन अवंतिका नगरी की पौराणिक गाथाओं का आकर्षक प्रदर्शन किया गया।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री को महाकाल लोक में स्थापित विभिन्न प्रतिमाओं, भगवान शिव के त्रिपुरासुर संहार सहित अन्य पौराणिक प्रसंगों की जानकारी दी। लाइट एंड साउंड शो के दौरान उपस्थित लोगों ने भी इस प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को ई-कार्ट के माध्यम से महाकाल लोक का भ्रमण कराया। इस दौरान उन्होंने महाकाल लोक में किए गए विकास कार्यों, धार्मिक संरचनाओं और पर्यटन सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर Kailash Vijayvargiya सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।