
नासिक। महाराष्ट्र के नासिक में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 18 लाख रुपये मूल्य की MD ड्रग के साथ राजस्थान के जोधपुर निवासी तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि राजस्थान से बड़ी मात्रा में MD ड्रग और अन्य नशीले पदार्थ नासिक लाकर युवाओं को चोरी-छिपे बेचे जा रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
नासिक पुलिस ने उपनगर क्षेत्र में जाल बिछाकर कार्रवाई की, जहां तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में MD ड्रग बरामद की गई। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ड्रग्स की सप्लाई किस नेटवर्क के माध्यम से की जा रही थी तथा इसके पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे ड्रग नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।