
खंडवा/ओंकारेश्वर। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले स्थित पवित्र तीर्थ नगरी Omkareshwar Temple को ममलेश्वर से जोड़ने वाला ऐतिहासिक Mamleshwar Jhula Setu मंगलवार देर रात तकनीकी खराबी के कारण एहतियातन बंद कर दिया गया है। पुल की लोडिंग तार में लगी एक महत्वपूर्ण कड़ी (लिंक) टूटने के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के आवागमन पर रोक लगा दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात मंदिर प्रशासन को झूला पुल की एक कड़ी टूटने की सूचना मिली थी। इसके बाद बुधवार सुबह करीब 5 बजे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुल के दोनों प्रवेश द्वार बंद कर दिए और सुरक्षा गार्ड तैनात कर दिए। बताया जा रहा है कि पुल के एक हिस्से में हल्का झुकाव भी देखा गया है।
नायब तहसीलदार Uday Mandloi ने बताया कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुल को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। मरम्मत कार्य जल्द शुरू किया जाएगा और पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही पुल को आमजन के लिए दोबारा खोला जाएगा।
प्रशासन के अनुसार मरम्मत कार्य में लगभग 2 से 3 दिन का समय लग सकता है। इस दौरान श्रद्धालुओं को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।
गौरतलब है कि यह लगातार दूसरी बार है जब झूला पुल में तकनीकी खराबी सामने आई है। इससे पुल के रखरखाव और दीर्घकालिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से नियमित निरीक्षण और स्थायी समाधान की मांग की है।