
श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर:
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों ने स्लीपर सेल नेटवर्क के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। काउंटर-इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) की टीम ने बुधवार को कई जिलों में एक साथ छापेमारी कर संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों और नेटवर्क की जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार श्रीनगर, सोपोर, कुपवाड़ा और अनंतनाग समेत कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया। इसके अलावा कुलगाम और बांदीपोरा जिलों में भी सुरक्षा एजेंसियों ने अलग-अलग स्थानों पर रेड की।
सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई आतंकवादी संगठनों से जुड़े कथित स्लीपर सेल नेटवर्क, उनके संपर्कों और डिजिटल गतिविधियों की जांच के तहत की जा रही है। छापेमारी के दौरान कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, दस्तावेज और अन्य सामग्री की जांच की गई।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि स्लीपर सेल नेटवर्क के जरिए आतंकवादी गतिविधियों को लॉजिस्टिक और स्थानीय स्तर पर मदद पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी। इसी इनपुट के आधार पर यह व्यापक अभियान चलाया गया।
फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन पड़ताल कर रही हैं।