
गाजीपुर, 20 अगस्त। बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने नगर क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। टाउनहाल और सराय गली में अधिशासी अभियंता और नायब तहसीलदार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
चेकिंग अभियान के दौरान कई घरों और दुकानों में मीटर को बाईपास कर सीधे बिजली का इस्तेमाल किए जाने के मामले सामने आए। विद्युत चोरी के आरोप में विभाग की ओर से 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
वहीं, बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले 8 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन पोल से काट दिए गए। विभाग की कार्रवाई के बाद बिजली उपभोक्ताओं में हड़कंप की स्थिति रही।
विद्युत विभाग के अनुसार बिजली चोरी की वजह से राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है। अधिकारियों ने साफ किया कि बिजली चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली का वैध कनेक्शन लेकर ही उसका इस्तेमाल करें और बकाया बिजली बिल का समय पर भुगतान करें।